दुर्घटना में मासूमों की चीखें: स्कूल जाते समय ई-रिक्शा को DJ वाहन ने मारी जोरदार टक्कर, 5 बच्चे गंभीर घायल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बेमेतरा, 29 जुलाई 2025 — जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। यह हादसा उस समय हुआ जब स्कूल जाते समय बच्चों से भरी एक ई-रिक्शा को तेज रफ्तार में आ रहे DJ वाहन ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा असंतुलित होकर पलट गया।

यह घटना ग्राम खेरी के पास घटी, जहाँ इंडियन पब्लिक स्कूल नवागढ़ के छात्र रोज की तरह स्कूल जा रहे थे। ई-रिक्शा में कुल 7 बच्चे सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, DJ वाहन काफी तेज गति से आ रहा था और अचानक सामने से ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे ई-रिक्शा पलट गया और बच्चे उसमें फंस गए।

इस दुर्घटना में 5 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य दो बच्चों को भी मामूली चोटें आईं। घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत सभी घायलों को निकटतम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ पहुँचाया, जहाँ उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, 5 बच्चों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और आवश्यकतानुसार उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर भी किया जा सकता है।

इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और दुख का माहौल है। स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और DJ वाहन चालक की तलाश की जा रही है, जो मौके से फरार बताया जा रहा है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment