रायपुर के होटल में युवती का ड्रग्स लेते वीडियो वायरल, होटल प्रबंधन पर उठे सवाल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर शहर एक बार फिर नशे के मामले को लेकर सुर्खियों में है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक युवती को होटल के कमरे में ड्रग्स लेते हुए देखा जा सकता है। यह वीडियो शहर के गंज थाना क्षेत्र स्थित एक नामी होटल का बताया जा रहा है। वीडियो की अवधि लगभग ढाई मिनट है, जिसमें युवती को नशे की हालत में देखा जा सकता है।

वीडियो में साफ देखा जा रहा है कि युवती 500 रुपए के नोट का उपयोग करते हुए एक सफेद पाउडर (संभवत: एमडीएमए या कोकीन) की लाइन बनाती है और फिर उसे चाटते हुए नजर आती है। इस दौरान वह किसी से मोबाइल पर बात भी कर रही है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरी घटना होटल के बाहर से मोबाइल से रिकॉर्ड की गई है, जिससे यह भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि होटल की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था कितनी कमजोर है।

इस घटना ने होटल कारोबारियों की जिम्मेदारी और उनके रवैये पर भी सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। पुलिस के निर्देशों और समझाइश के बावजूद कुछ होटल व्यवसायी नियमों को नजरअंदाज कर संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों को कमरा किराए पर दे रहे हैं। यह न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि समाज में बढ़ते नशाखोरी के खतरे को भी बढ़ावा देता है।

पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है और वीडियो की सत्यता तथा युवती की पहचान की पुष्टि कर रही है। साथ ही होटल प्रबंधन पर भी सख्त कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। यह मामला न केवल नशे के बढ़ते चलन का उदाहरण है बल्कि होटल उद्योग में निगरानी और नियमों के पालन की जरूरत को भी उजागर करता है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment