मोदी के जन्मदिन पर सियासी भिड़ंत, प्रदेश में कांग्रेस का महंगाई-बेरोजगारी दिवस

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान देखने को मिल सकता है। भाजपा जहां इस दिन से ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत करेगी, वहीं कांग्रेस ने 17 सितंबर को ‘महंगाई-बेरोजगारी दिवस’ के रूप में मनाने का ऐलान किया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि 17 सितंबर को प्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इन पत्रकार वार्ताओं में महंगाई, बेरोजगारी, रोजगार के अवसरों और केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर सवाल उठाए जाएंगे।

कांग्रेस का कहना है कि महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों का सीधा असर आम लोगों पर पड़ रहा है। पार्टी इन विषयों को लेकर जनता के बीच जाएगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के कार्यकाल पर भी सवाल उठाएगी।

भाजपा के अभियान पर भी साधा निशाना

दीपक बैज ने भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि Gen Z आंदोलन के बाद सरकार बैकफुट पर है और इसी वजह से भाजपा यह अभियान चला रही है। बैज ने अभियान को ‘नौटंकी’ और ‘प्रोपेगेंडा’ बताया।

17 सितंबर से शुरू होगा भाजपा का अभियान

वहीं, भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने जा रही है। छत्तीसगढ़ में इस अभियान के तहत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने सहित सेवा और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

इस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर छत्तीसगढ़ में भाजपा का सेवा अभियान और कांग्रेस का महंगाई-बेरोजगारी अभियान एक ही दिन सामने आएगा जिसमें टकराव देखने को मिल सकता है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment