साउथ के सुपरस्टार विजय देवरकोंडा एक बार फिर बड़े पर्दे पर तहलका मचाने को तैयार हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘साम्राज्य’ (तेलुगु में ‘किंगडम’) 31 जुलाई 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। फिल्म के ट्रेलर और पोस्टर्स ने पहले ही दर्शकों में जबरदस्त उत्सुकता जगा दी है।
क्या है फिल्म ‘साम्राज्य’ की कहानी?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की कहानी एक ईमानदार पुलिस कांस्टेबल की है, जो अपने भाई के लिए एक खतरनाक मिशन पर निकलता है। इस कहानी में भाईचारे, बलिदान और रहस्यमयी घटनाओं का मेल देखने को मिलेगा। विजय का किरदार जहां एक्शन से भरपूर नजर आएगा, वहीं उनके भाई की भूमिका में अभिनेता सत्यदेव दिखाई देंगे। फिल्म की पृष्ठभूमि श्रीलंका से जुड़ी है, और सूत्रों की मानें तो इसमें पुनर्जन्म की झलक भी मिल सकती है, जो इसे और दिलचस्प बनाता है।
फिल्म से जुड़ी खास बातें
करीब 100 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म भव्यता और एक्शन से भरपूर होगी। इसमें भाग्यश्री बोरसे विजय की मुख्य जोड़ीदार के रूप में नजर आएंगी। फिल्म का संगीत मशहूर कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है, जबकि निर्माण का जिम्मा नागा वामसी ने संभाला है।
विजय देवरकोंडा के प्रशंसक इस फिल्म को लेकर बेहद रोमांचित हैं और इसकी रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।







