भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानंद लास वेगास में होने वाले प्रतिष्ठित फ्रीस्टाइल शतरंज टूर्नामेंट में भारतीय टीम की अगुआई करेंगे। विश्व चैंपियन डी गुकेश इस प्रतियोगिता में भाग नहीं लेंगे, क्योंकि वह जल्द ही ग्रैंडमास्टर टूर के मुख्य टूर्नामेंट में शिरकत करने वाले हैं।
इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में 16 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिन्हें दो ग्रुपों में बांटा गया है। हर ग्रुप में आठ खिलाड़ी हैं, जिनमें से शीर्ष चार अगले दौर में प्रवेश करेंगे। ग्रुप बी में भारत के अर्जुन एरिगेसी और विदित गुजराती एक साथ हैं, जबकि प्रज्ञानंद को ग्रुप ए में विश्व के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन के साथ रखा गया है।
कार्लसन फिर से खिताब के सबसे बड़े दावेदार माने जा रहे हैं। उनका शुरुआती मुकाबला जर्मनी के विन्सेंट कीमर से होगा, जबकि प्रज्ञानंद अपने अभियान की शुरुआत उज्बेकिस्तान के नोडिरबेक अब्दुसत्तोरोव के खिलाफ करेंगे।
अमेरिका के हैंस नीमन इस टूर्नामेंट में पहली बार भाग लेंगे और अपनी पहली बाजी में एरिगेसी से टकराएंगे। विदित गुजराती का मुकाबला अमेरिका के ही फैबियानो कारुआना से होगा।
इस बार की खास बात यह है कि पहली बार एक महिला ग्रैंडमास्टर — कजाखस्तान की बिबिसारा असाऊबुयेवा — को भी इस टूर्नामेंट में विश्व के शीर्ष खिलाड़ियों के खिलाफ खेलने का मौका मिला है।
गौरतलब है कि फ्रीस्टाइल शतरंज, फिशर रैंडम शतरंज या शतरंज 960 का नया और रोमांचक रूप है, जिसमें खेल की शुरुआत में मोहरों की पारंपरिक स्थिति बदल दी जाती है, जिससे हर मैच में नई रणनीति की आवश्यकता होती है।



