जगदलपुर को 50 करोड़ की सौगात, सौंदर्यीकरण और सड़क विकास को मिलेगी रफ्तार

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

जगदलपुर। बस्तर के मुख्यालय जगदलपुर शहर के चहुंमुखी विकास और सौंदर्यीकरण के लिए राज्य सरकार ने 50 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग से मिली इस बड़ी सौगात के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक किरण सिंह देव ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव का आभार जताया है।

प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव द्वारा शहर के लिए सौंदर्यीकरण और सड़क चौड़ीकरण समेत विभिन्न कार्यों के लिए विभाग को पत्र भेजा गया था। इसके तहत बोधघाट थाना से कमिश्नर कार्यालय, एमपीएम हॉस्पिटल से एलआईसी रोड तक बीटी सड़क चौड़ीकरण, दलपत सागर का सौंदर्यीकरण, मुक्तिधाम से आमागुड़ा चौक तक चौड़ीकरण कार्य और नालंदा परिसर में 500 सीटों वाली आधुनिक सेंट्रल लाइब्रेरी निर्माण शामिल हैं।

दलपत सागर को नया स्वरूप मिलेगा

बस्तर की ऐतिहासिक धरोहर दलपत सागर का योजनाबद्ध सौंदर्यीकरण इस राशि से किया जाएगा। वर्षों से स्थानीय लोगों की मांग रही है कि इस झील को संरक्षित और संवारा जाए। अब यह कार्य शीघ्र शुरू होगा और आने वाले वर्षों तक दलपत सागर प्राकृतिक सुंदरता का प्रतीक बना रहेगा।

सड़कें बनेंगी आधुनिक और सुगम

शहर की प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण और बीटी निर्माण कार्य भी इस बजट में सम्मिलित है। इससे आवागमन में सुविधा बढ़ेगी और ट्रैफिक की समस्या में राहत मिलेगी।

नालंदा परिसर में आधुनिक लाइब्रेरी का निर्माण

छात्रों की लंबे समय से मांग रही कि जगदलपुर में एक अत्याधुनिक रीडिंग ज़ोन और सेंट्रल लाइब्रेरी बने। अब नालंदा परिसर में 500 सीटों वाली सुविधा-युक्त लाइब्रेरी का निर्माण होगा।

किरण सिंह देव बोले: साय सरकार में विकास प्राथमिकता

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर का समग्र विकास प्राथमिकता में है। 50 करोड़ की स्वीकृति से जगदलपुर के सौंदर्यीकरण को गति मिलेगी और यह शहर स्मार्ट और सुविधा-संपन्न बन सकेगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment