कृषि व ऊर्जा में बड़ा कदम: पीएम धन-धान्य योजना को मंजूरी, हर साल 24 हजार करोड़ खर्च होंगे

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

केंद्र सरकार ने किसानों और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र के लिए बड़े फैसले लेते हुए प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना को मंजूरी दे दी है। योजना में देशभर की 36 कृषि संबंधी योजनाओं को एकीकृत कर हर साल 24,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य फसल विविधीकरण, टिकाऊ खेती, सिंचाई और भंडारण सुविधा को मजबूत करना है। छह वर्षों तक चलने वाली इस योजना से लगभग 1.7 करोड़ किसान लाभान्वित होंगे।

यह घोषणा सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने की। उन्होंने बताया कि योजना के तहत पहले चरण में 100 जिलों को शामिल किया गया है। इससे देश की कृषि उत्पादकता और किसानों की आय में बढ़ोतरी की उम्मीद है।

नवीकरणीय ऊर्जा में भी बड़ा निवेश

इसके साथ ही कैबिनेट ने एनएलसी इंडिया लिमिटेड (NLCIL) को 7,000 करोड़ और एनटीपीसी (NTPC) को 20,000 करोड़ रुपये तक निवेश की अनुमति दी है। ये निवेश देश की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को मजबूती देने और 2032 तक 60 गीगावाट क्षमता प्राप्त करने के लक्ष्य की दिशा में एक अहम कदम है।

सरकार का कहना है कि इन निर्णयों से सौर व पवन ऊर्जा परियोजनाओं को बढ़ावा मिलेगा और देश को 24×7 स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी आएगी।

अंतरिक्ष से गौरवशाली वापसी

कैबिनेट ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि को मान्यता दी है। ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला, जो 18 दिन के सफल मिशन के बाद अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से लौटे हैं, उनकी वापसी पर केंद्र सरकार ने आधिकारिक प्रस्ताव पारित कर उन्हें बधाई दी है। मंत्री वैष्णव ने कहा कि यह मिशन भारत की “अनंत आकांक्षाओं” का प्रतीक है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment