छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बदलाव की आहट: दीपक बैज की पोस्ट से देवेंद्र यादव के नाम पर अटकलें तेज

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संभावित संगठनात्मक बदलावों को लेकर गहमागहमी तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की गई थी, जिसमें उन्होंने विधायक देवेंद्र यादव को कार्यकारी अध्यक्ष बताया। हालांकि यह पोस्ट कुछ घंटों के भीतर हटा दी गई, लेकिन तब तक यह कांग्रेस संगठन में हलचल पैदा कर चुकी थी।

इस घटनाक्रम के बाद देवेंद्र यादव ने सोशल मीडिया मंच X (पुराना ट्विटर) पर बैज का आभार व्यक्त करते हुए बधाई पोस्ट की, जिस पर दीपक बैज ने जवाब भी दिया और यादव को कार्यकारी अध्यक्ष बताते हुए कोट किया।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह पोस्ट कांग्रेस के भीतर संभावित नेतृत्व परिवर्तन की ओर इशारा करती है। जानकारी के अनुसार, दीपक बैज हाल ही में दिल्ली दौरे पर थे और उन्होंने राहुल गांधी से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर सवालों की बाढ़ आ गई कि क्या देवेंद्र यादव औपचारिक रूप से कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाएंगे?

हालांकि कांग्रेस की ओर से अभी तक इस बाबत कोई आधिकारिक पत्र (लेटरहेड पर आदेश) जारी नहीं हुआ है, इसलिए पोस्ट को हटाना पड़ा। फिलहाल कांग्रेस के भीतर दो कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा जोरों पर है, जिसमें देवेंद्र यादव का नाम खासा आगे माना जा रहा है, विशेषकर उनके राहुल गांधी से नज़दीकी संबंधों को देखते हुए।

संगठन में संभावित बदलावों की पुष्टि आने वाले दिनों में कांग्रेस के आधिकारिक निर्णय से स्पष्ट होगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment