सक्ती में जमीन घोटाले का खेल! 400 एकड़ सरकारी जमीन निजी नामों में

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

सक्ती जिले के झालरौंदा गांव में करीब 400 एकड़ सरकारी जमीन को कथित तौर पर निजी लोगों के नाम पर दर्ज कराने का मामला सामने आया है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य रमेश चंद्रा ने कलेक्टर जयश्री जैन को लिखित शिकायत देकर जमीन के राजस्व रिकॉर्ड, किसान पंजीयन और धान खरीदी से जुड़ी गड़बड़ियों की जांच की मांग की है।

शिकायत में तत्कालीन पटवारी विशेश्वर सिंह सिदार सहित राजस्व विभाग के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि शासकीय जमीन को निजी नामों में दर्ज कराकर फर्जी किसान पंजीयन और पर्चियां तैयार की गईं, जिनके आधार पर धान बेचा गया।

शिकायतकर्ता का दावा है कि इस कथित हेराफेरी के जरिए सरकारी बोनस और बैंक लोन का लाभ भी लिया गया। उन्होंने कुछ परिवारों और दो मीडियाकर्मियों के नाम पर जमीन दर्ज होने की बात कही है। पिछले साल 60 लाख रुपये से अधिक बोनस भुगतान का आरोप लगाया गया है, जबकि इस साल भी बड़ी राशि के भुगतान की आशंका जताई गई है।

रमेश चंद्रा ने आरोप लगाया है कि झालरौंदा में पदस्थ रहे पटवारी के कार्यकाल में बड़ी संख्या में जमीन अलग-अलग लोगों के नाम दर्ज कर दी गई। उनका कहना है कि रिकॉर्ड में बदलाव के बाद कृषि उपज की बिक्री, बोनस वितरण और ऋण लेने की कार्रवाई की गई। 

मामले की गंभीरता देखते हुए कलेक्टर जयश्री जैन ने डिप्टी कलेक्टर की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित की है। टीम को मौके पर जाकर राजस्व रिकॉर्ड, नामांतरण की प्रक्रिया, किसान पंजीयन, धान खरीदी और संबंधित दस्तावेजों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।

शिकायतकर्ता ने अन्य गांवों में भी इस तरह की गड़बड़ी होने की आशंका जताई है। उन्होंने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment