भोपाल के एमपी नगर ज़ोन-2 स्थित एक शराब कंपनी के ऑफिस के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कस्टम विभाग की कार्रवाई की जानकारी लेने पहुंचे पत्रकारों के साथ कर्मचारियों ने बदसलूकी की। बताया जा रहा है कि कस्टम विभाग बीते कल सुबह से कंपनी की फैक्ट्री और अन्य यूनिट्स में छापेमारी कर रहा है।
कर्मचारियों ने की धक्का-मुक्की और गाली-गलौज
मौके पर पहुंचे पत्रकारों से कर्मचारियों ने अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की और एक पत्रकार का कॉलर पकड़ लिया। हालांकि, मौके पर मौजूद अन्य मीडिया कर्मियों ने किसी तरह माहौल को शांत किया और पूरी घटना का वीडियो भी बनाया।
पहले भी विवादों में रही कंपनी
सूत्रों के मुताबिक, इस कंपनी पर पहले भी कई गंभीर आरोप लग चुके हैं। कंपनी के डायरेक्टर को अदालत से सज़ा मिल चुकी है और आबकारी विभाग ने लाइसेंस रद्द करने का नोटिस भी जारी किया था। उन पर अवैध कारोबार, टैक्स चोरी और लोगों को आत्महत्या के लिए उकसाने जैसे गंभीर आरोप हैं।
फैक्ट्री में रीसायकलिंग का गोरखधंधा
सूत्र बताते हैं कि कंपनी की फैक्ट्री में विदेशों से खाली बैरल मंगवाए जाते हैं। इतना ही नहीं, कर्मचारी स्थानीय दुकानों और कबाड़ी वालों से भी खाली बैरल खरीदकर उन्हें रीसायकल करके दोबारा उपयोग में ले आते हैं। इस गोरखधंधे से कंपनी को अवैध मुनाफा हो रहा है।







