केटीयू की एआई लघु फिल्म मोर भाखा ने जीते दिल, छत्तीसगढ़ी अस्मिता को मिला नया मंच

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर राजधानी के सर्किट हाउस में तकनीक और लोकसंस्कृति के संगम का एक अनोखा उदाहरण प्रस्तुत हुआ। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित लघु फिल्म ‘मोर भाखा’ का विशेष प्रदर्शन किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और जनसंचार विभाग के विद्यार्थियों के चेहरों को एआई जनरेटिव टूल्स के जरिए डिजिटल पात्रों के रूप में जीवंत किया गया है।

करीब तीन मिनट की यह लघु फिल्म विश्वविद्यालय परिसर के परिवेश पर आधारित है। फिल्म आधुनिकता की दौड़ में अपनी मातृभाषा से दूर होते युवाओं की सोच को छूती है और छत्तीसगढ़ी भाषा, संस्कृति तथा पहचान के प्रति गर्व जगाने का संदेश देती है। अंत में सभी पात्र “मोर भाखा, मोर पहचान, मोर गुमान छत्तीसगढ़” का उद्घोष करते हैं।

फिल्म के प्रेरणा स्रोत छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्र हैं, जबकि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) मनोज दयाल के मार्गदर्शन में इसे साकार किया गया है। फिल्म की संकल्पना और निर्देशन विश्वविद्यालय के अतिथि व्याख्याता डॉ. कपिल देव प्रजापति ने किया है। छत्तीसगढ़ी भाषा में डॉ. हितेश कुमार तिवारी ने विशेष सहयोग दिया, जबकि डॉ. चैताली पांडे, जितेंद्र श्रीवास और ज्योति साहू ने निर्माण में सहयोग प्रदान किया।

प्रदर्शन के दौरान पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, स्कूली शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राजभाषा आयोग अध्यक्ष प्रभात मिश्र तथा कुलपति प्रो. डॉ. मनोज दयाल मौजूद रहे। उपस्थित विद्वानों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने फिल्म में प्रयुक्त तकनीकी नवाचार तथा माटी से जुड़ी भावना की सराहना की।

राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्र ने कहा कि एआई जैसी अत्याधुनिक तकनीक से छत्तीसगढ़ी भाषा और संस्कृति के प्रचार-प्रसार का यह प्रयास अत्यंत अनूठा है। उन्होंने आशा जताई कि यह फिल्म नई पीढ़ी में अपनी भाषा को लेकर गर्व की भावना जगाएगी।

कुलपति प्रो. डॉ. मनोज दयाल ने कहा कि विश्वविद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने तकनीकी दक्षता के साथ क्षेत्रीय भाषा को नया मंच दिया है। उन्होंने इसे मीडिया शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर बताया। कुलसचिव सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि कम समय में समाज और युवाओं को सकारात्मक संदेश देने वाली यह फिल्म निर्देशक डॉ. कपिल देव प्रजापति और उनकी टीम की रचनात्मक क्षमता का प्रमाण है।

छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस का राज्य स्तरीय आयोजन 28 नवंबर को रायपुर के न्यू सर्किट हाउस कन्वेंशन हॉल में हुआ, जिसमें भाषा, साहित्य और संस्कृति को समर्पित कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।  आमजन, विद्यार्थियों और कला प्रेमियों के लिए ‘मोर भाखा’ लघु फिल्म यूट्यूब चैनल ‘KAPITUDE’ पर उपलब्ध है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment