छत्तीसगढ़ के शराब घोटाले और महादेव ऑनलाइन सट्टा मामलों के दो बड़े आरोपियों को दुबई से भारत लाने की तैयारी तेज हो गई है। शराब घोटाले के आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू और महादेव सट्टा मामले के सह-प्रमोटर रवि उप्पल को भारत लाने के लिए सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीमें दुबई पहुंच चुकी हैं। कार्रवाई विदेश मंत्रालय के समन्वय में की जा रही है।
दोनों आरोपियों को भारत लाने के लिए कानूनी और कूटनीतिक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। इसके लिए इंटरपोल और दुबई प्रशासन के साथ भी समन्वय किया जा रहा है। प्रत्यर्पण की मंजूरी मिलने के बाद दोनों को भारत लाया जा सकता है और इसके बाद रायपुर की विशेष अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड लेने की तैयारी है।
शराब घोटाले के आरोपी विकास अग्रवाल को दुबई में गिरफ्तार किया जा चुका है। ED के अनुसार वह कथित शराब सिंडिकेट का वित्तीय प्रबंधक था और डिस्टिलरी तथा FL-10A लाइसेंसधारियों से कमीशन वसूलकर उसे अनवर ढेबर तक पहुंचाने का आरोप है। उसकी गिरफ्तारी को घोटाले की जांच में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
भारत आने के बाद विकास अग्रवाल से शराब घोटाले में कथित वित्तीय लेन-देन, कमीशन नेटवर्क, हवाला कारोबार और अन्य आरोपियों से संपर्क को लेकर पूछताछ की जा सकती है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि उससे विदेशों में भेजी गई रकम और संपत्तियों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलेंगे।
वहीं, महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले के सह-प्रमोटर रवि उप्पल को भी भारत लाने के प्रयास तेज किए गए हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि उससे महादेव सट्टा नेटवर्क के संचालन, पैनल और ब्रांच ऑपरेटरों के जरिए हुए लेन-देन, धन शोधन तथा विदेशों में फैले कथित कारोबार की जानकारी मिल सकती है।
ED के अनुसार, महादेव ऑनलाइन बुक ऐप से जुड़े मामले में सट्टेबाजी से हुई कथित कमाई को कई बैंक खातों के जरिए यूएई में मौजूद आरोपियों तक पहुंचाया जाता था। एजेंसी का आरोप है कि इस नेटवर्क में फर्जी दस्तावेजों से खोले गए सैकड़ों बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया।
दोनों आरोपियों की वापसी के बाद जांच एजेंसियों को कथित हवाला नेटवर्क, मनी लॉन्ड्रिंग और विदेशों में मौजूद संपत्तियों से जुड़े सुराग मिलने की संभावना है। हालांकि, दोनों को भारत लाने की प्रक्रिया अभी कानूनी और कूटनीतिक मंजूरी पर निर्भर है। अब देखना होगा कि प्रत्यर्पण की प्रक्रिया कब पूरी होती है और दोनों आरोपी कब भारतीय जांच एजेंसियों की हिरासत में आते हैं।





