रायपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों ने राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल किए हैं। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नगर पंचायत बिल्हा, बिलासपुर नगर निगम और रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया।
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित सर्वेक्षण में बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में पहला स्थान प्राप्त किया। बिलासपुर नगर निगम को ‘स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान मिला, जबकि रायपुर नगर निगम को राज्य में स्वच्छता के लिए प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा और संबंधित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कार ग्रहण किए। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बिलासपुर महापौर पूजा विधानी, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, रायपुर महापौर मीनल चौबे, नगर निगम आयुक्त सम्बित मिश्रा, बिल्हा नगर पंचायत अध्यक्ष वंदना जेंड्रे और सूडा के मिशन निदेशक सुमीत अग्रवाल भी मौजूद रहे।





