IFS अधिकारी पर पत्नी के गंभीर आरोप!

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर।छत्तीसगढ़ कैडर के 2014 बैच के IFS अधिकारी पंकज सिंह राजपूत और उनकी पत्नी अदिति सिंह के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद अब सार्वजनिक हो गया है। अदिति सिंह ने एक वीडियो जारी कर अपने पति, सास, ससुर और ननद पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। उन्होंने पति पर अपमानजनक और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। अदिति का कहना है कि उनके नाबालिग बेटे के साथ भी इसी तरह का व्यवहार किया जाता है।

अदिति ने सामाजिक और आर्थिक प्रताड़ना के भी आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि 2020 में कोर्ट से नोटिस मिलने के बाद बेटे के लिए हर महीने 8 हजार रुपये दिए जाने लगे। उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में एक अदालत ने पंकज राजपूत की ओर से उनकी मां निर्मला देवी के खिलाफ दायर मामला खारिज कर दिया है।

वहीं, पंकज राजपूत ने मीडिया से बातचीत में पत्नी की ओर से लगाए गए आरोपों को गलत बताया है। उन्होंने इसे पारिवारिक विवाद बताते हुए कहा कि मामला पिछले पांच साल से अदालत में चल रहा है। उनके मुताबिक, ऐसी स्थिति में पारिवारिक विवाद को सार्वजनिक मंच पर लाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि वह बच्चे के अभिभावक के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

स्टाफ से व्यवहार को लेकर भी शिकायत

पंकज राजपूत के स्टाफ के साथ व्यवहार को लेकर भी शिकायतें सामने आने की बात कही जा रही है। बताया गया है कि महासमुंद में उनकी पोस्टिंग के दौरान पूरे स्टाफ की ओर से उन्हें हटाने की मांग को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखा गया था।

फिलहाल पति-पत्नी के बीच चल रहे इस विवाद में दोनों पक्षों की अलग-अलग बातें सामने आई हैं। मामले से जुड़े आरोपों और दावों पर संबंधित कानूनी प्रक्रिया के तहत ही स्थिति स्पष्ट होगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment