IIT बॉम्बे में द्वितीय वर्ष के एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग के छात्र साहिल वाकोडे की शुक्रवार शाम हॉस्टल में मौत हो गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्र प्रशासन पर सवाल उठाते हुए डायरेक्टर प्रोफेसर शिरीष बी. केदारे के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
IIT बॉम्बे प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, शुक्रवार को परीक्षा के दौरान साहिल को मोबाइल फोन से ChatGPT के जरिए प्रश्नपत्र अपलोड करते हुए पकड़ा गया था। प्रशासन का कहना है कि छात्र को इस मामले में समझाया गया था और उसे भरोसा दिलाया गया था कि उसके खिलाफ कोई सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। इसके बाद वह अपने हॉस्टल के कमरे में चला गया, जहां बाद में वह मृत पाया गया।
वहीं, प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने प्रशासन के इस दावे पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि साहिल को नकल के मामले में निकालने की धमकी दी गई थी। छात्रों का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम के बाद वह मानसिक दबाव में था और अपने भविष्य को लेकर परेशान था।
हालांकि, छात्रों की ओर से लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। छात्र की मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।फिलहाल घटना के बाद IIT बॉम्बे परिसर में छात्रों का प्रदर्शन जारी है।





