गांधीनगर में निर्माणाधीन इमारत भरभराकर गिरी, 10-15 मजदूरों के दबे होने की आशंका

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

गांधीनगर।गुजरात की राजधानी गांधीनगर में बुधवार शाम बड़ा हादसा हो गया। कुडासन इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत के पास काम के दौरान भारी क्रेन अचानक गिर गई। इसके साथ ही इमारत का एक बड़ा स्लैब भी नीचे आ गिरा, जिसके मलबे में कई मजदूरों के दबे होने की आशंका है।

हादसा गांधीनगर-अहमदाबाद के बीच कुडासन इलाके में रिलायंस चौकड़ी के पास बन रही बॉस्की द एम्पायर नाम की निर्माणाधीन इमारत में हुआ। बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान छत का एक हिस्सा लोहे के सरियों और क्रेन के साथ नीचे गिर गया। उस समय छत पर दो दर्जन से ज्यादा मजदूर काम कर रहे थे।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मलबे में फंसे मजदूरों को निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबे से निकाले गए करीब 10 मजदूरों को गंभीर हालत में गांधीनगर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया। वहीं स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्ल पानसेरिया अस्पताल पहुंचकर घायलों के इलाज और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

मलबे में अभी भी 10 से ज्यादा मजदूरों के फंसे होने की आशंका है। उन्हें बाहर निकालने के लिए गैस कटर और अन्य मशीनों की मदद से लोहे के स्ट्रक्चर को काटा जा रहा है। राहत टीम लगातार मलबा हटाकर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

फिलहाल हादसे में किसी मजदूर की मौत की आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई है। प्रशासन और राहत दल मौके पर मौजूद हैं और बचाव अभियान जारी है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment