रायगढ़ में 166 हाथियों का झुंड, 17 किसानों की धान फसल को नुकसान; गांवों में दहशत

Madhya Bharat Desk
4 Min Read

रायगढ़।रायगढ़ जिले के रायगढ़ और धरमजयगढ़ वन मंडल में इन दिनों हाथियों की हलचल काफी बढ़ गई है। दोनों वन मंडलों के जंगलों और आसपास के गांवों में कुल 166 हाथियों का दल घूम रहा है। हाथियों के खेतों तक पहुंचने से ग्रामीणों में डर का माहौल है। अब तक हाथियों ने 17 किसानों की धान की फसल को नुकसान पहुंचाया है। वन विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और ग्रामीणों को सावधानी बरतने की समझाइश दी जा रही है।

रायगढ़ वन मंडल में 57 हाथियों की मौजूदगी

रायगढ़ वन मंडल में फिलहाल 57 हाथी अलग-अलग इलाकों में मौजूद हैं। जुनवानी क्षेत्र में हाथियों के दल ने तीन किसानों के खेतों में पहुंचकर धान की फसल को रौंद दिया। धान की तैयार हो रही फसल को नुकसान पहुंचने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

वहीं, रायगढ़ रेंज के पड़िगांव में 27 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। हाथियों के गांव और खेतों की ओर आने की आशंका को देखते हुए वन विभाग उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है।

घरघोड़ा रेंज के कमतरा इलाके में एक हाथी घूम रहा है, जबकि दनौट क्षेत्र में 29 हाथियों का दल मौजूद है। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के ग्रामीणों को रात के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

धरमजयगढ़ में 109 हाथियों का दल

धरमजयगढ़ वन मंडल में हाथियों की संख्या और ज्यादा है। यहां अलग-अलग इलाकों में कुल 109 हाथी घूम रहे हैं। जंगल से निकलकर हाथियों के खेतों तक पहुंचने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।

वन विभाग के मुताबिक, धरमजयगढ़ क्षेत्र में अब तक 14 किसानों की धान की फसल को नुकसान पहुंचा है। इस समय खेतों में धान की फसल तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में हाथियों के खेतों में पहुंचने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। फसल तैयार होने का इंतजार कर रहे किसानों के लिए रात में खेतों की निगरानी करना भी खतरे से खाली नहीं है।

गांवों में कराई जा रही मुनादी

वन विभाग की ओर से हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए प्रभावित गांवों में मुनादी कराई जा रही है। इसके अलावा अन्य माध्यमों से भी ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने पर उनके पास जाने के बजाय सुरक्षित जगह पर रहें और तुरंत वन विभाग को सूचना दें।

हाथियों से दूरी बनाए रखने की अपील

वन विभाग की टीमें हाथियों के विचरण वाले इलाकों में लगातार निगरानी कर रही हैं। ग्रामीणों को हाथियों के करीब नहीं जाने, जंगल या खेत की ओर अकेले नहीं जाने और हाथियों के झुंड को घेरने या भगाने की कोशिश नहीं करने की सलाह दी गई है।

वन अमला हाथियों की लोकेशन पर नजर रख रहा है और समय-समय पर ग्रामीणों को इसकी जानकारी भी दी जा रही है, ताकि किसी तरह की जनहानि को रोका जा सके।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment