अरहर की आड़ में गांजे की खेती! पुलिस ने 844 पौधे किए जब्त

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

दुर्गूकोंदल।छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में गांजा तस्करी के बाद अब इसकी अवैध खेती का मामला सामने आया है। पुलिस ने भुरसातरहुल गांव में एक किसान के खेत पर दबिश देकर गांजे के 844 पौधे जब्त किए हैं। बताया जा रहा है कि किसान ने अरहर और चेज भाजी की फसल के बीच गांजे के पौधे लगाए थे।

पुलिस ने गांजे के सभी पौधों को जब्त कर लिया है। मामले में NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

अरहर के बीच मिले गांजे के पौधे

पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे टीम भुरसातरहुल गांव में सुभाष कोरटी के एक एकड़ खेत में पहुंची। खेत की जांच के दौरान अरहर की फसल के बीच गांजे के पौधे दिखाई दिए।

पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों के सामने गांजे के पौधों की गिनती कराई। गिनती में कुल 844 पौधे मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।

4.25 लाख रुपये की कीमत का अनुमान

पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए गांजे के पौधों का कुल वजन करीब 8.50 किलो है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 4.25 लाख रुपये बताई गई है।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने पहले गांजे के पौधों की नर्सरी तैयार की थी। इसके बाद इन्हें एक एकड़ खेत में अरहर और चेज भाजी की फसल के बीच लगाया गया। दूसरी फसलों के बीच गांजे की खेती होने के कारण ये पौधे आसानी से नजर नहीं आ रहे थे।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment