रायपुर।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दिल्ली दौरे से रायपुर लौट आए हैं। दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से हुई मुलाकात के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। मुख्यमंत्री ने मुलाकात को सौजन्य भेंट बताते हुए कहा कि उन्होंने छत्तीसगढ़ से जुड़े विषयों को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने रखा है।
प्रदेश भाजपा के प्रभारी को बदले जाने की चर्चाओं पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे केंद्रीय नेतृत्व का विषय बताया। हालांकि, उनके इस बयान के बाद प्रदेश भाजपा में जल्द ही नए प्रभारी की नियुक्ति को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं।
इधर, प्रदेश भाजपा के संगठन में बदलाव की संभावनाओं के साथ अब मंत्रिमंडल में फेरबदल की सुगबुगाहट भी तेज हो गई है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि आने वाले दिनों में सरकार और संगठन, दोनों स्तरों पर बदलाव देखने को मिल सकते हैं। हालांकि, मंत्रिमंडल में संभावित बदलाव को लेकर अभी तक सरकार या भाजपा नेतृत्व की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
दिल्ली दौरे के बाद मुख्यमंत्री का बयान ऐसे समय आया है, जब छत्तीसगढ़ भाजपा में संगठनात्मक बदलाव को लेकर चर्चाएं लगातार चल रही हैं। ऐसे में अब निगाहें केंद्रीय नेतृत्व के अगले फैसले पर टिकी हैं—क्या पहले प्रदेश भाजपा को नया प्रभारी मिलेगा या इसके साथ ही सरकार के मंत्रिमंडल में भी बड़ा फेरबदल देखने को मिलेगा?





