घर तोड़े, फसलें कुचलीं, कुएं भर दिए! शिवराज बोले– जुर्म की पराकाष्ठा है यह

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा क्षेत्र के कोसमी गांव में आदिवासी परिवारों के घर तोड़े जाने और खेतों में खड़ी फसलें नष्ट करने का मामला गरमा गया है। रविवार दोपहर वन विकास निगम ने अतिक्रमण हटाने के नाम पर बारेला समुदाय के 12 परिवारों के घर बुलडोजर से तोड़ दिए। आरोप है कि इस कार्रवाई के दौरान मक्का और तुअर की फसलें भी ट्रैक्टर से रौंद दी गईं।

प्रभावित परिवारों का कहना है कि उनके पीने और खेती के काम में इस्तेमाल होने वाले कुएं को भी मिट्टी से भर दिया गया। घर खो चुके परिवार अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। कई परिवारों की आजीविका का मुख्य सहारा खेती है, ऐसे में फसल नष्ट होने से उनके सामने भोजन और रोजगार दोनों का संकट खड़ा हो गया है।

इस मामले में केंद्रीय कृषि मंत्री और विदिशा सांसद शिवराज सिंह चौहान प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे। घरों के मलबे और तबाह फसलों को देखकर वे काफी भावुक और गुस्से में दिखे। उन्होंने कार्रवाई को ‘अन्याय की अति’ और ‘जुर्म की पराकाष्ठा’ बताया। उन्होंने कहा कि गरीब और आदिवासी परिवारों के साथ इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

Video Source / Credit – ANI

शिवराज सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि उनके पहले दिए गए निर्देश के बावजूद वन विभाग और प्रशासन ने कार्रवाई रोकी नहीं। उन्होंने मुख्य सचिव से फोन पर बात करते हुए कड़ी नाराजगी जताई और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।

केंद्रीय मंत्री ने प्रभावित परिवारों को आश्वासन दिया कि जिनके घर तोड़े गए हैं, उनके लिए नए घर बनाए जाएंगे। स्थायी व्यवस्था होने तक पीड़ित परिवारों के ठहरने और भोजन की अस्थायी व्यवस्था की जाएगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment