रायपुर।राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थोक मार्केट स्थित पड़ाव इलाके में गुरुवार सुबह मंदिर परिसर में धार्मिक प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त मिलने से हड़कंप मच गया। यहां भगवान शिव, हनुमान जी और साईं बाबा की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाए जाने की जानकारी सामने आई है।
सुबह स्थानीय लोगों ने जब प्रतिमाओं को टूटा हुआ देखा तो मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए। उन्होंने घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना की जांच में जुटी है। आरोपी की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। फिलहाल प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने वाले व्यक्ति की पहचान और घटना के पीछे की वजह सामने नहीं आई है।





