रायपुर।सिविल लाइन स्थित सर्किट हाउस में इंडियन कॉफी हाउस की ओर से ओणम पर्व उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग ओणम के खास पारंपरिक भोज का स्वाद लेने पहुंचे। दिनभर लोगों के आने का सिलसिला जारी रहा।
ओणम के मौके पर केले के पत्ते पर परोसे गए दक्षिण भारतीय व्यंजन लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। एक ही पत्ते पर चावल, सांभर, रसम, अवियल, थोरन, कूटू करी, ओलन, एरिशेरी, पचड़ी, खिचड़ी, अचार, पापड़, केले के चिप्स, शर्करा वरट्टी और कई तरह की पायसम समेत दर्जनभर से ज्यादा व्यंजन परोसे गए।

केले के पत्ते पर पारंपरिक अंदाज में सजा यह भोजन लोगों को केरल की संस्कृति और वहां के पारंपरिक खान-पान से रूबरू कराने वाला रहा। भोज का स्वाद लेने पहुंचे लोगों ने व्यंजनों की जमकर तारीफ की। लोगों ने कहा कि एक साथ इतने सारे पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लेना अपने आप में खास अनुभव रहा।
इंडियन कॉफी हाउस के मैनेजर अच्चू जी और मधु जी के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसे सफल बनाने में इंडियन कॉफी हाउस की पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। ओणम पर्व के चलते सिविल लाइन स्थित सर्किट हाउस में पूरे दिन उत्सव और खुशी का माहौल बना रहा।





