रायपुर।स्वतंत्रता दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से जुड़े एक वायरल वीडियो को लेकर कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा राठौर के खिलाफ रायपुर कमिश्नरेट के सिविल लाइन थाने में FIR दर्ज की गई है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 336(4), 353(2) और 196 के तहत मामला दर्ज हुआ है। शिकायत भाजपा प्रवक्ता उज्जवल दीपक ने की है।
दरअसल, 15 अगस्त को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। इसमें भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर भाजपा का झंडा फहराते नजर आ रहे थे। वीडियो को इस दावे के साथ शेयर किया गया कि स्वतंत्रता दिवस के दिन तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा फहराया गया।
इस वीडियो को लेकर सुप्रिया श्रीनेत और नेहा राठौर ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किए थे। इसके बाद मामला राजनीतिक विवाद में बदल गया।
पड़ताल में पुराना निकला वीडियो
बाद की पड़ताल में दावा सामने आया कि वायरल वीडियो 15 अगस्त 2026 का नहीं, बल्कि 22 मार्च 2026 को कुरूद में हुए भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम का है। इस कार्यक्रम में पार्टी का झंडा फहराया गया था।
अजय चंद्राकर ने भी वीडियो को पुराना बताते हुए कहा था कि 15 अगस्त को धमतरी के एकलव्य खेल मैदान में आयोजित सरकारी कार्यक्रम में उन्होंने तय प्रोटोकॉल के अनुसार राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया था। उनके 15 अगस्त के कार्यक्रम की तस्वीरों और वायरल वीडियो में उनके पहनावे में भी अंतर बताया गया।
भाजपा प्रवक्ता ने लगाया भ्रम फैलाने का आरोप
भाजपा प्रवक्ता उज्जवल दीपक की शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पुराने वीडियो को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम से जोड़कर सोशल मीडिया पर शेयर किया गया, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती थी।
शिकायत के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब सोशल मीडिया पोस्ट, वीडियो के असली स्रोत और उसे पोस्ट व शेयर करने वाले अकाउंट की जांच कर रही है। साथ ही वीडियो के साथ किए गए दावों की भी पड़ताल की जा रही है।






