अटल विचारों की रोशनी में आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़, उनके आदर्श राष्ट्रसेवा की प्रेरणा : बृजमोहन अग्रवाल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर।भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने राजधानी में अलग-अलग जगहों पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रमों में शामिल होकर उन्हें नमन किया। उन्होंने जिला भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर, अटल चौक अवंती विहार और अटल परिसर फुंडर चौक में आयोजित कार्यक्रमों में अटल जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे महान नेता थे, जिन्होंने अपने विचारों, व्यक्तित्व और राष्ट्रसेवा से करोड़ों लोगों के दिलों में खास जगह बनाई। वे हमेशा देशहित को सबसे ऊपर रखते थे। उनके लिए सत्ता कभी उद्देश्य नहीं रही, बल्कि देश की सेवा ही उनके जीवन का मुख्य लक्ष्य था।

उन्होंने कहा कि अटल जी ने देश को सुशासन, विकास और राष्ट्रवाद की नई दिशा दी। उनकी बातों में संवेदनशीलता, विचारों में मजबूती और फैसलों में राष्ट्रहित साफ दिखाई देता था। पोखरण परमाणु परीक्षण से लेकर स्वर्णिम चतुर्भुज योजना तक, उनके नेतृत्व में लिए गए कई बड़े फैसले आज भी देश के विकास की मजबूत नींव हैं।

अग्रवाल ने कहा कि अटल जी लोकतंत्र की मर्यादा और राजनीतिक शुचिता को हमेशा महत्व देते थे। वे अपने राजनीतिक विरोधियों का भी सम्मान करते थे। उनका जीवन यह सिखाता है कि विचारों पर मजबूती के साथ संवेदनशीलता और संवाद लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत हैं।

सांसद ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण भी अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शिता और संवेदनशील नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता की भावनाओं को समझते हुए इसे देश के नक्शे पर एक नए राज्य के रूप में पहचान दिलाई। यह छत्तीसगढ़वासियों के लिए अटल जी के सबसे बड़े योगदानों में से एक है।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि अटल जी के सपनों का छत्तीसगढ़ आज विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उनके विचारों और आदर्शों को अपनाकर प्रदेश को और मजबूत, समृद्ध और विकसित बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment