यौन शोषण के आरोपों के बीच IPS रतनलाल डांगी का पलटवार, DGP को भेजी 14 पन्नों की रिपोर्ट

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर।छत्तीसगढ़ में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रतनलाल डांगी पर लगे यौन शोषण के आरोपों के बीच अब एक बड़ा मोड़ आया है। डांगी ने पुलिस महानिदेशक (DGP) अरुण देव गौतम को एक विस्तृत पत्र भेजकर पूरी घटना का पक्ष रखा है। इस चिट्ठी में उन्होंने आरोप लगाने वाली सब-इंस्पेक्टर की पत्नी और अन्य अज्ञात व्यक्तियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

डांगी ने 14 बिंदुओं में घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए बताया कि आरोप लगाने वाली महिला ने उन पर मानसिक दबाव और ब्लैकमेलिंग का प्रयास किया। उन्होंने लिखा कि महिला ने वीडियो कॉल और निजी तस्वीरों के जरिये धमकाने की कोशिश की और बार-बार आत्महत्या की धमकी देकर भावनात्मक दबाव बनाया।

डांगी का दावा:
आईपीएस अधिकारी ने लिखा है कि महिला ने घर और कार्यालय में जहर की शीशी लाकर धमकी दी और उनके परिवार के निजी मामलों में हस्तक्षेप किया। इतना ही नहीं, उसने स्नान, वर्कआउट और पारिवारिक पलों के वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल किया।

डांगी ने कहा कि इन सब घटनाओं से उनका परिवार गंभीर मानसिक तनाव से गुजर रहा है। उन्होंने डीजीपी से मांग की है कि आरोप लगाने वाली महिला और इस पूरे षड्यंत्र में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

मामले की पृष्ठभूमि:
गौरतलब है कि 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी रतनलाल डांगी पर एक सब-इंस्पेक्टर की पत्नी ने सात वर्षों तक यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंच चुका है और प्रारंभिक जांच चल रही है। डांगी का यह पत्र सामने आने के बाद अब केस में नया मोड़ आ गया है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment