बलरामपुर। रामानुजगंज वन परिक्षेत्र के शिवपुर जंगल में नर हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ग्रामीण भैंस चराने के लिए जंगल गया था। इसी दौरान सामने आए नर हाथी ने उस पर हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमला करने वाला नर हाथी झारखंड की ओर से इस इलाके में पहुंचा है। आसपास के जंगल में करीब चार हाथियों के दल के घूमने की भी जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद इलाके के ग्रामीणों में डर का माहौल है। जंगल की ओर आने-जाने को लेकर भी लोगों को सतर्क किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इलाके में निगरानी बढ़ा दी।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल में अकेले न जाएं और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है।





