GST प्रमोशन में घोटाले का आरोप! ननकीराम कंवर ने PM मोदी से की जांच की मांग

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर।पूर्व गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ आदिवासी नेता ननकीराम कंवर ने एक बार फिर विभागीय गड़बड़ी का मुद्दा उठाया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ के GST विभाग में वर्ष 2021 और 2022 में हुई पदोन्नति परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच केंद्रीय एजेंसी से कराने की मांग की है।

ननकीराम कंवर ने अपने पत्र में बताया कि राज्य कर निरीक्षक के 42 पदों के लिए इन दो वर्षों में परीक्षा आयोजित की गई थी। इसमें करीब 350 कर्मचारियों ने हिस्सा लिया था। उनका आरोप है कि विभागीय अधिकारियों ने व्यापमं से सहयोग लेने के बजाय खुद ही परीक्षा कराई, जिसमें कई तरह की गड़बड़ियां हुईं।

कंवर का दावा है कि परीक्षा में चयनित कर्मचारियों के अंक 80 से 100 प्रतिशत तक रहे। उनका कहना है कि इससे सवाल उठता है कि कहीं उन्हें परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र तो उपलब्ध नहीं करा दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन विभागीय आयुक्त समीर बिश्नोई के पीए और अन्य अधिकारियों से जुड़े लोगों का भी चयन हुआ।

उन्होंने उत्तर पुस्तिकाओं की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं। कंवर के मुताबिक उत्तर पुस्तिकाओं पर न तो कोई मोहर थी और न ही अधिकारियों के हस्ताक्षर, जिससे उनमें बाद में बदलाव किए जाने की आशंका बनी रहती है।

ननकीराम कंवर ने पत्र में यह भी कहा है कि तत्कालीन आयुक्त समीर बिश्नोई फिलहाल मनी लॉन्ड्रिंग और आय से अधिक संपत्ति के मामलों में जेल में हैं। इसी आधार पर उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया की भी निष्पक्ष जांच की जरूरत बताई है।

कंवर ने प्रधानमंत्री से मांग की है कि पूरे मामले की जांच ईडी जैसी केंद्रीय एजेंसी से कराई जाए। अगर जांच में गड़बड़ी साबित होती है तो संबंधित भर्ती को रद्द कर दोबारा परीक्षा कराने की कार्रवाई की जाए।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment