ओडिशा में आकाशीय बिजली से जशपुर की दो महिला मजदूरों की मौत

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

जशपुर।पड़ोसी राज्य ओडिशा में मजदूरी करने गईं जशपुर जिले की दो महिला मजदूरों की मंगलवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। हादसा सुंदरगढ़ जिले के बलिशंकरा क्षेत्र के भट्ठी टोला बस्ती में हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं खेत में धान की रोपाई कर रही थीं, तभी अचानक मौसम बदला और तेज बिजली गिर गई।

मृतकों की पहचान फरसाबहार ब्लॉक के बरडीह गांव निवासी चंपा बाई (48) और सुशीला बाई (50) के रूप में हुई है। हादसे में खेत में काम कर रही छह से अधिक अन्य महिला मजदूर भी घायल हुई हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

स्थानीय स्तर पर रोजगार के सीमित साधन होने के कारण फरसाबहार और आसपास के सीमावर्ती इलाकों से हर साल धान रोपाई के मौसम में बड़ी संख्या में मजदूर काम की तलाश में ओडिशा जाते हैं। इस बार भी बरडीह गांव से कई लोग समूह बनाकर सुंदरगढ़ क्षेत्र में मजदूरी करने गए थे।

दोनों महिलाओं की मौत की खबर गांव पहुंचते ही बरडीह में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार का सहारा बनने के लिए मजदूरी करने गईं महिलाओं की इस तरह मौत से गांव में शोक का माहौल है।

घटना की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ और ओडिशा का स्थानीय प्रशासन व पुलिस सक्रिय हो गया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों महिलाओं के शवों को बरडीह गांव लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

परिजनों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए दोनों राज्यों के अधिकारी आपस में संपर्क बनाए हुए हैं। इस हादसे ने एक बार फिर सीमावर्ती इलाकों में रोजगार के लिए होने वाले मौसमी पलायन और बारिश के दौरान आकाशीय बिजली से बचाव के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment