4-5 बॉयफ्रेंड बनाओ और प्रैग्नेंट हो जाओ, छठवीं के बच्चों से ऐसी बातें! शिक्षिका निलंबित

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छिंदवाड़ा।मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर कुंडाली कलां के पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एक शिक्षिका पर कक्षा छठवीं के छात्र-छात्राओं से कथित तौर पर आपत्तिजनक और धमकी भरी बातें करने के आरोप लगे हैं। बच्चों की शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए शिक्षिका भावना शर्मा को निलंबित कर दिया है।

अभिभावकों का आरोप है कि शिक्षिका बच्चों के सामने कथित तौर पर कहती थीं, ‘चार-पांच बॉयफ्रेंड बना लो, प्रेग्नेंट हो जाओ, मैं तुम्हारे बच्चों को खिलाऊंगी।’ इसके अलावा ‘मैं डेट पर जाती हूं, तुम भी डेट पर जाओ’ जैसी बातें कहने का भी आरोप लगाया गया है।

मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब बच्चों ने शिक्षिका पर धमकी देने का आरोप लगाया। शिकायत के मुताबिक, शिक्षिका ने कथित तौर पर कहा कि ‘मैंने पांच मर्डर किए हैं, तुम्हारा भी मर्डर कर दूंगी’ और उनकी दोस्त पुलिस इंस्पेक्टर है, इसलिए अब तक उन पर कार्रवाई नहीं हुई।

अभिभावकों ने प्राचार्य से की शिकायत

बच्चों से कथित तौर पर इस तरह की बातें किए जाने की जानकारी जब अभिभावकों को मिली तो पालक संघ के पदाधिकारियों और बच्चों ने स्कूल के प्राचार्य के सामने शिकायत रखी। प्राचार्य ने बच्चों से पूछताछ कर उनकी लिखित शिकायत भी ली।

मामले की जानकारी शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंची। शिकायत को गंभीर मानते हुए संयुक्त संचालक शिक्षा ने शिक्षिका भावना शर्मा को निलंबित कर दिया।

शिक्षिका ने आरोपों को बताया साजिश

वहीं, शिक्षिका भावना शर्मा ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को साजिश बताया है। उनका कहना है कि बच्चों को बहला-फुसलाकर उनके खिलाफ बयान दिलवाए जा रहे हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment