जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा विकासखंड के काठापाली प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षिका गीता कुम्भकार को निलंबित कर दिया गया है। 31 जुलाई को स्कूल में सोने की बाली गुम होने के बाद उसे ढूंढने के लिए टोटका करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने कार्रवाई करते हुए शिक्षिका को सस्पेंड कर दिया।
जानिए पूरा मामला
बताया जा रहा है कि शिक्षिका के कान की सोने की बाली कहीं गुम हो गई थी। उसे तलाशने के लिए उन्होंने स्कूल में लाल कपड़ा, मौली, नारियल और चावल जैसी पूजा सामग्री का इस्तेमाल किया। इसके बाद बच्चों से बाली के बारे में पूछताछ की गई। इतना ही नहीं, बच्चों को यह कहकर डराया गया कि अगर किसी को बाली के बारे में पता है और वह नहीं बताएगा, तो उसे पेट दर्द, तेज बुखार, गंभीर बीमारी या कोई अनहोनी हो सकती है।
इस पूरी घटना का वीडियो 31 जुलाई को वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लिया और बच्चों के मानसिक विकास पर गलत असर पड़ने की बात मानते हुए शिक्षिका को तत्काल निलंबित कर दिया।
निलंबन आदेश में भी हुई बड़ी गलती
शिक्षिका के निलंबन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश में भी एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। आदेश में घटना की तारीख 31/07/2026 की जगह गलती से 31/08/2026 लिख दी गई है। इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं कि क्या बिना ठीक से जांचे-परखे ही आदेश पर हस्ताक्षर कर उसे जारी कर दिया गया।






