अंबिकापुर में छात्र से 200 बार गाली लिखवाई, शिक्षक बर्खास्त

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

अंबिकापुर।छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित एक निजी स्कूल में अनुशासन के नाम पर शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां कक्षा आठवीं के एक छात्र को सजा के तौर पर कॉपी में 200 बार भद्दी गाली लिखने के लिए मजबूर किया गया। छात्र को 100 बार हिंदी और 100 बार अंग्रेजी में वही गाली लिखनी थी। इतना ही नहीं, उसे कॉपी पर माता-पिता के हस्ताक्षर करवाकर स्कूल में जमा करने को भी कहा गया।

इस अजीबोगरीब और अमानवीय सजा की जानकारी सामने आने के बाद अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। वहीं, छात्र संगठनों के विरोध और हंगामे के बाद स्कूल प्रबंधन ने आरोपी शिक्षक को नौकरी से हटा दिया है।

पूरा मामला 28 जुलाई का बताया जा रहा है। कक्षा में दो छात्रों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी और दोनों ने एक-दूसरे से अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया। विवाद को समझाने या छात्रों की काउंसलिंग करने के बजाय संबंधित शिक्षक ने एक छात्र की रफ कॉपी में वही गाली 200 बार लिखने का आदेश दे दिया।

जब छात्र के परिजनों ने उसकी कॉपी देखी तो वे हैरान रह गए। छात्र के पिता ने स्कूल की इस कार्रवाई पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि बच्चे को सुधारने के बजाय उससे 200 बार गाली लिखवाना किसी भी तरह सही नहीं है।

घटना की जानकारी सामने आते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) समेत अन्य छात्र संगठनों ने सरगुजा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। संगठनों ने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार झा ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पहली नजर में इस तरह की सजा देना पूरी तरह गलत है और किसी भी छात्र को ऐसी गतिविधि के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए।

वहीं, स्कूल प्रबंधन ने भी छात्र के परिजनों से माफी मांगी है और आरोपी शिक्षक की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं। अब शिक्षा विभाग यह भी जांच कर रहा है कि स्कूल के खिलाफ आगे किसी तरह की कानूनी कार्रवाई की जरूरत है या नहीं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment