रायपुर।छत्तीसगढ़ में इन दिनों मानसून पूरी तरह सक्रिय है। लो प्रेशर सिस्टम के असर से शनिवार को प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में अच्छी बारिश हुई। वहीं उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में जमकर बारिश दर्ज की गई। बिलासपुर के बाद कुसमी में बीते 24 घंटे के भीतर करीब 28 सेंटीमीटर बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक प्रदेश के उत्तर और मध्य हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही अधिकांश जिलों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। शनिवार को सबसे अधिक तापमान पेंड्रा रोड में 31.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अगर आप आज रायपुर शहर या आसपास के इलाकों में बाहर जाने की सोच रहे हैं, तो रेनकोट और छाता साथ जरूर रखें। मौसम विभाग ने दिनभर आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। रविवार को रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, गंगा के मैदानी इलाकों में पश्चिम बंगाल के पश्चिमी हिस्से और उससे लगे उत्तरी झारखंड के ऊपर समुद्र तल से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण अभी भी बना हुआ है।
वहीं समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका अमृतसर, करनाल, हरदोई, रांची और दीघा से होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रही है। इसके अलावा दक्षिण ओडिशा और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसी वजह से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और एक-दो जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।






