मुंबई के ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी!

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

मुंबई।मुंबई के ताज महल पैलेस होटल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। रविवार को नवी मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम में एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसमें ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। इसके बाद होटल में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। फिलहाल मुंबई पुलिस कॉल करने वाले की पहचान और कॉल के स्रोत की जांच में जुटी हुई है।

रात करीब 12 बजे आया धमकी भरा फोन

पुलिस के मुताबिक, रात करीब 12 बजे नवी मुंबई पुलिस को एक कॉल मिली, जिसमें कहा गया कि लग्जरी ताज होटल को बम से उड़ा दिया जाएगा। सूचना मिलते ही इसे तुरंत मुंबई पुलिस को भेजा गया। इसके बाद सुरक्षा टीम ने पूरे होटल परिसर की बारीकी से जांच की। अधिकारियों का कहना है कि एहतियात के तौर पर तलाशी अभियान चलाया गया, जबकि धमकी देने वाले शख्स का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

लाल किले को भी मिली थी ऐसी ही धमकी

बता दें कि इससे एक दिन पहले दिल्ली के लाल किले को भी इसी तरह की फर्जी बम धमकी मिली थी, जिसके बाद कुछ समय के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। अब मुंबई और दिल्ली पुलिस आपस में समन्वय बनाकर इन धमकी भरे कॉल के स्रोत का पता लगाने और जिम्मेदार लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment