रायपुर। छत्तीसगढ़ के मेडिकल स्टूडेंट्स के लिए बड़ी राहत की खबर है। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने प्रदेश के 10 सरकारी और 1 निजी मेडिकल कॉलेज की कुल 1530 MBBS सीटों को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए मंजूरी दे दी है। इससे अब इन कॉलेजों में एडमिशन का रास्ता साफ हो गया है।
इन 1530 सीटों में 1430 सीटें सरकारी मेडिकल कॉलेजों की हैं, जबकि 100 सीटें एक निजी मेडिकल कॉलेज की हैं। हालांकि, प्रदेश के 4 निजी मेडिकल कॉलेज अभी भी रिन्यूअल का इंतजार कर रहे हैं।
फिलहाल छत्तीसगढ़ में कुल 2330 MBBS सीटें हैं, लेकिन इस साल यह संख्या और बढ़ सकती है। अगर 3 नए सरकारी और 1 निजी मेडिकल कॉलेज को मंजूरी मिलती है, तो 150 से 300 नई सीटें और जुड़ सकती हैं।
दंतेवाड़ा, कवर्धा और जांजगीर-चांपा के नए मेडिकल कॉलेजों को इस साल पहली बार NMC से मंजूरी मिलने की उम्मीद है। इन जगहों पर जिला अस्पताल पहले से मौजूद हैं, इसलिए जरूरी मानकों को पूरा करना आसान माना जा रहा है।
वहीं कुनकुरी और मनेंद्रगढ़ के मेडिकल कॉलेजों की राह फिलहाल आसान नहीं दिख रही। यहां अस्पतालों का बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर अभी पूरी तरह तैयार नहीं है, इसलिए इस सत्र में मंजूरी मिलने की संभावना कम मानी जा रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर सीटें बढ़ती हैं, तो NEET UG 2026 की कटऑफ में कुछ राहत मिल सकती है। इससे प्रदेश के ज्यादा छात्रों को अपने ही राज्य में मेडिकल की पढ़ाई करने का मौका मिलेगा।





