महारानी अस्पताल जगदलपुर बनेगा 300 बेड अस्पताल, स्वास्थ्य मंत्री का निरीक्षण

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

जगदलपुर।प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बुधवार को बस्तर के ऐतिहासिक महारानी अस्पताल का अचानक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को अस्पताल की प्रतिष्ठा के अनुरूप संवेदनशीलता के साथ मरीजों को बेहतर इलाज और सुविधाएं देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अस्पताल को आम लोगों की जरूरतों के हिसाब से और बेहतर व सुविधाजनक बनाया जाए। उन्होंने अस्पताल की मौजूदा 200 बेड क्षमता को बढ़ाकर 300 बेड करने के निर्देश दिए। साथ ही नए सेटअप और भवन उन्नयन का प्रस्ताव विभाग को भेजने को कहा।

जायसवाल ने मरीजों की सुविधा को देखते हुए अस्पताल में डायलिसिस सेंटर और कैंसर यूनिट का काम प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा अस्पताल परिसर की अंदरूनी सड़कों की मरम्मत भी जल्द कराने को कहा।

उन्होंने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी, ईसीजी यूनिट और ब्लड बैंक का निरीक्षण किया। इस दौरान मरीजों और उनके परिजनों से बात कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मंत्री ने अटल आरोग्य लैब का भी निरीक्षण किया और यहां उपलब्ध जांच सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने जरूरी उपकरण जल्द लगाने और 134 प्रकार की सभी जांच सुविधाएं जल्द शुरू करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

डॉक्टर्स डे भी मनाया

इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने डॉक्टरों के साथ डॉक्टर्स डे भी मनाया। उन्होंने महारानी अस्पताल में केक काटकर डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों से पूरी निष्ठा और सेवा भाव के साथ मरीजों की सेवा करने की अपील की।

इस मौके पर विधायक जगदलपुर किरण सिंह देव, महापौर संजय पाण्डे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक, सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी सहित महारानी अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी मौजूद रहे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment