यूरोप में पड़ रही रिकॉर्डतोड़ गर्मी और तेज लू ने फ्रांस में हालात बेहद खराब कर दिए हैं। फ्रांस की सार्वजनिक स्वास्थ्य एजेंसी सांते पब्लीक के मुताबिक, रविवार तक इस जानलेवा हीटवेव की वजह से कम से कम 1,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
एजेंसी का कहना है कि यह आंकड़ा अभी शुरुआती है और असली संख्या इससे कहीं ज्यादा हो सकती है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, जान गंवाने वालों में सबसे ज्यादा संख्या 65 साल या उससे ज्यादा उम्र के बुजुर्गों की है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि इस भीषण गर्मी का असर हर उम्र के लोगों पर पड़ा है।
केयर होम्स और घरों में हुई मौतों का पूरा डेटा सामने आने के बाद मौतों का आंकड़ा और बढ़ सकता है।
वैज्ञानिकों के अनुसार, 20 जून से शुरू हुई यह हीटवेव यूरोप के इतिहास की सबसे खतरनाक गर्मी में से एक मानी जा रही है।
मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल फ्रांस के ज्यादातर इलाकों में तापमान में थोड़ी गिरावट आई है, लेकिन पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में अभी भी हीटवेव अलर्ट जारी है।
इस बीच, फ्रांस की स्वास्थ्य मंत्री ने चेतावनी दी है कि मौसम सामान्य होने के बाद भी अगले 10 दिनों तक स्वास्थ्य पर गंभीर असर देखने को मिल सकता है। उन्होंने कहा कि खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है और लोगों को अभी भी सावधानी बरतने की जरूरत है।





