ऑस्ट्रेलिया में भारतीय छात्र पर नस्लीय हमला, ‘भाड़ में जाओ इंडियन’ कहकर पीटा

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

ऑस्ट्रेलिया के एडीलेड शहर में नस्लीय हिंसा का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भारतीय नागरिक चरणप्रीत सिंह पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया और उन्हें बेरहमी से पीटा। हमलावरों ने उन्हें भारतीय कहकर गालियां दीं और बार-बार “भाड़ में जाओ इंडियन” जैसे अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। घटना के बाद चरणप्रीत को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना शनिवार रात लगभग 9:22 बजे एडीलेड के किंटोर एवेन्यू के पास हुई, जब चरणप्रीत अपनी पत्नी के साथ घूमने निकले थे। पार्किंग के दौरान कुछ युवकों ने नस्लीय टिप्पणी करते हुए अचानक उन पर हमला कर दिया। चरणप्रीत और उनकी पत्नी को घेरकर पांच लोगों ने लात-घूंसे और थप्पड़ों से बुरी तरह पीटा।

चरणप्रीत ने पुलिस को दिए बयान में कहा, “वे बार-बार कह रहे थे कि ‘भाड़ में जाओ इंडियन’ और फिर मुझ पर हमला कर दिया। मैंने भी बचाव करने की कोशिश की, लेकिन वे तब तक मारते रहे जब तक मैं बेसुध नहीं हो गया।” चरणप्रीत ने यह भी कहा कि अब उन्हें लगने लगा है कि उन्हें अपने देश लौट जाना चाहिए क्योंकि रंग या नस्ल बदली नहीं जा सकती।

इस हमले का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी छात्र पर लात-घूंसे बरसाते दिख रहे हैं। वहीं, चरणप्रीत की पत्नी डर के मारे घटना को रिकॉर्ड करती नजर आती हैं और हमलावरों को रोकने की कोशिश करती हैं।

घटना के बाद पुलिस ने 20 वर्षीय एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और बाकी आरोपियों की पहचान की जा रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment