अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर से मुलाकात की। लेकिन बैठक को लेकर अमेरिकी प्रशासन की चुप्पी और आधिकारिक तस्वीरें जारी न किए जाने से सवाल खड़े हो गए हैं।
आमतौर पर व्हाइट हाउस विदेशी नेताओं के साथ मुलाकात की तस्वीरें या वीडियो साझा करता है, लेकिन इस बार न तो मीडिया को बुलाया गया और न ही किसी प्रेस ब्रीफिंग का आयोजन किया गया। इससे यह संदेश गया कि पाकिस्तान को वॉशिंगटन में उतनी अहमियत नहीं मिली जितनी उसे उम्मीद थी।

पाक पीएमओ के अनुसार, इस मुलाकात में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी शामिल थे। उनका दावा है कि बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई और करीब आधे घंटे चली। हालांकि, व्हाइट हाउस की प्रेस पूल रिपोर्ट्स में साफ दिखा कि शरीफ और मुनीर को राष्ट्रपति ट्रंप के अन्य कार्यक्रम पूरे होने तक इंतजार करना पड़ा।
विशेषज्ञों का मानना है कि तस्वीरों और प्रेस कॉन्फ्रेंस से दूरी बनाना यह संकेत है कि अमेरिका, पाकिस्तान के साथ संबंधों को लेकर अब सतर्क रणनीति अपना रहा है।







