रेल बैठक में सांसद बृजमोहन का जोर—छत्तीसगढ़ को मिली नई रेल योजनाओं की उम्मीद

Madhya Bharat Desk
4 Min Read

नई दिल्ली/रायपुर। रेलवे के आधुनिकीकरण को लेकर नई दिल्ली में सोमवार को हुई एस्टीमेट कमेटी की बैठक में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ से जुड़े कई अहम मुद्दे जोरदार तरीके से उठाए। बैठक में रेल मंत्रालय के अधिकारियों ने रेलवे की नई योजनाओं की जानकारी दी, जिसके बाद सांसद ने राज्य के रेल नेटवर्क, यात्री सुविधाओं और विकास से जुड़े कई सुझाव रखे।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि अब छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद काफी हद तक खत्म हो चुका है, इसलिए लंबे समय से अटकी रावघाट-जगदलपुर रेल परियोजना को जल्द शुरू किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि इस रेल लाइन से बस्तर क्षेत्र के विकास और रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे।

उन्होंने रायपुर-धमतरी रेल लाइन को आगे बढ़ाते हुए कांकेर, कोंडागांव और जगदलपुर के रास्ते विशाखापट्टनम तक जोड़ने की मांग भी रखी। उनके मुताबिक यह परियोजना क्षेत्रीय विकास, पर्यटन और व्यापार के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण होगी।

बैठक में सांसद ने दुर्ग से पुरी और रायपुर से अंबिकापुर के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू करने की मांग की। साथ ही बिलासपुर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को सप्ताह में सीमित दिनों की बजाय रोज चलाने का सुझाव भी दिया, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सीमाएं सात राज्यों से जुड़ती हैं, इसलिए इन राज्यों के साथ रेल संपर्क और मजबूत किया जाना चाहिए।

बृजमोहन अग्रवाल ने रेलवे की जमीन पर वर्षों से रह रहे जरूरतमंद परिवारों के पुनर्वास का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसे लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर उपलब्ध कराए जाएं और इसके लिए उपयुक्त जमीन चिन्हित की जाए।

उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छत्तीसगढ़ में चल रहे स्टेशन विकास कार्यों को तय समय सीमा में आधुनिक तकनीक के साथ पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही रायपुर के वैगन रिपेयरिंग वर्कशॉप को भी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने की मांग की।

सांसद ने कहा कि राज्य में जहां नई रेल लाइनें बिछाई जा रही हैं, वहां केवल मालगाड़ियों पर ही नहीं बल्कि यात्री ट्रेनों के संचालन पर भी बराबर ध्यान दिया जाए, ताकि आम लोगों को भी सीधा लाभ मिल सके।

उन्होंने कोरोना काल से पहले जिन ट्रेनों का ठहराव तिल्दा, भाटापारा और अन्य प्रमुख स्टेशनों पर होता था, उन्हें फिर से बहाल करने की मांग भी रखी। उनका कहना था कि इससे यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय व्यापार को भी फायदा मिलेगा।

रायपुर शहर के तेजी से हो रहे विस्तार का जिक्र करते हुए सांसद ने रेलवे से अनुरोध किया कि सड़क निर्माण के लिए राज्य सरकार को रेलवे की जरूरत के अनुसार भूमि उपयोग की अनुमति दी जाए। उनका कहना था कि डब्ल्यूआरएस और आरवीएच कॉलोनी इलाके में सड़क बनने से ट्रैफिक व्यवस्था काफी बेहतर हो जाएगी।

बैठक में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि इन सभी प्रस्तावों पर अमल होने से छत्तीसगढ़ में रेल संपर्क मजबूत होगा, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और राज्य के विकास को नई रफ्तार मिलेगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment