जांजगीर-चांपा। जिले के पंतोरा चौकी में तैनात प्रधान आरक्षक रमेश त्रिपाठी को जमीन पर कब्जा दिलाने के नाम पर 40 हजार रुपये लेने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। एसपी ने शिकायत और वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की है।
मामले की जानकारी के अनुसार, बलौदा क्षेत्र के रहने वाले विकाश देवांगन ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि पंतोरा चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक (क्र. 396) रमेश त्रिपाठी ने जमीन पर कब्जा दिलाने का भरोसा दिलाकर उनसे 40 हजार रुपये ले लिए।
इसी दौरान का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें प्रधान आरक्षक पैसे लेते नजर आ रहे हैं और यह कहते हुए भी सुनाई दे रहे हैं कि “SP से शिकायत करके मुझे लाइन अटैच करा दो।”
शिकायत और वीडियो सामने आने के बाद एसपी ने मामले को गंभीर मानते हुए तत्काल प्रभाव से प्रधान आरक्षक को निलंबित कर दिया। साथ ही उन्हें रक्षित केंद्र जांजगीर से संबद्ध कर दिया गया है।
निलंबन अवधि में उन्हें केवल नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता ही दिया जाएगा।





