अमेरिका–ईरान तनाव में नरमी!, ट्रम्प के बयान से बाजारों में जोरदार तेजी

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

वाशिंगटन।दुनिया के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आ रही है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि ईरान के साथ चल रहा तनाव और युद्ध लगभग खत्म होने की कगार पर है। उनके मुताबिक दोनों देशों के बीच एक समझौता लगभग तैयार है, जिस पर इसी हफ्ते यूरोप में साइन हो सकते हैं। इसमें अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के भी शामिल होने की संभावना बताई जा रही है।

इस खबर का असर सीधे ग्लोबल बाजारों पर देखने को मिला है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में करीब 4% की गिरावट आई है और ब्रेंट क्रूड 87 डॉलर प्रति बैरल तक आ गया है। वहीं भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखी गई। सेंसेक्स 1,695 अंक (2.3%) उछलकर 75,528 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 461 अंक (2%) बढ़कर 23,645 पर पहुंच गया। रुपया भी 77 पैसे मजबूत होकर 95 के आसपास पहुंच गया है।

हालांकि इससे पहले भी ट्रम्प कई बार युद्ध खत्म होने या समझौते के दावे कर चुके हैं, लेकिन वे जमीन पर पूरी तरह लागू नहीं हो पाए थे।

सूत्रों के मुताबिक इस बार बातचीत ज्यादा आगे बढ़ी है और इसे लंबे समय की शांति की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। प्रस्ताव के तहत होर्मुज जलमार्ग दोबारा खोला जाएगा और ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर बातचीत होगी।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी दावा किया है कि दोनों देशों के बीच शांति समझौते पर सहमति बन चुकी है।

कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी की मध्यस्थता से एक नया ड्राफ्ट तैयार हुआ है, जिसके तहत कम से कम 60 दिनों का युद्धविराम हो सकता है।

लेकिन ईरान की ओर से अभी पूरी तरह सहमति नहीं मिली है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि बातचीत करीब जरूर है, लेकिन अंतिम फैसला अभी बाकी है।

बताया जा रहा है कि इस प्रस्ताव को “इस्लामाबाद समझौता” नाम दिया गया है, जिसमें कुछ मुख्य शर्तें शामिल हैं

  • 60 दिन का तुरंत युद्धविराम
  • होर्मुज जलमार्ग का व्यापार के लिए दोबारा खुलना
  • ईरान पर लगी अमेरिकी पाबंदियों में ढील
  • ईरान का परमाणु हथियार न बनाने पर सहमत होना
  • रोके गए ईरानी फंड पर अभी अंतिम फैसला बाकी

इसी बीच देश में तेल सप्लाई को लेकर भी नया नियम लागू किया गया है। अब थोक खरीदार जैसे कंपनियां और संस्थान सीधे रिटेल पेट्रोल पंप से ईंधन नहीं खरीद सकेंगे। उन्हें अलग बल्क सप्लाई सिस्टम से तेल लेना होगा।

दिल्ली में जहां आम रिटेल पंप पर डीजल करीब 95 रुपये प्रति लीटर है, वहीं बल्क खरीद का रेट 134 रुपये से ज्यादा बताया जा रहा है। आम उपभोक्ताओं के लिए रिटेल सप्लाई जारी रहेगी, लेकिन एक वाहन पर रोजाना अधिकतम 200 लीटर की सीमा तय की गई है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment