भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा ने शुक्रवार देर रात बस्तर के अबूझमाड़ क्षेत्र का दौरा कर एक अलग संदेश दिया। कभी नक्सलियों के गढ़ और लाल आतंक के प्रतीक माने जाने वाले अबूझमाड़ में राहुल टिकरिहा रात करीब 12:30 बजे अपने साथियों के साथ पहुंचे और क्षेत्र का भ्रमण किया।
रात्रि भ्रमण के दौरान उन्होंने कहा कि एक समय था जब इस इलाके में गोलियों की आवाज और नक्सली गतिविधियों का भय लोगों के जीवन का हिस्सा था, लेकिन आज परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं। उन्होंने कहा कि अबूझमाड़ जैसे दुर्गम क्षेत्र में आधी रात को बिना किसी भय के घूम पाना सुरक्षा बलों और सरकार के निरंतर प्रयासों का परिणाम है।

राहुल टिकरिहा ने कहा, “जहां दशकों तक गोलियों की गूंज सुनाई देती थी, वहीं आज हम रात के समय बस्तर की प्राकृतिक सुंदरताऔर शांत वातावरण का आनंद ले रहे हैं। यह परिवर्तन देश और प्रदेश की मजबूत इच्छाशक्ति का परिणाम है।”
उन्होंने इस बदलाव के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक अभियान चलाया गया है। साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार, सुरक्षा बलों, पुलिस जवानों और नक्सल हिंसा के खिलाफ लड़ते हुए शहीद हुए वीर जवानों को भी श्रद्धापूर्वक याद किया।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बस्तर अब विकास, विश्वास और सुरक्षा की नई पहचान बना रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पूरा क्षेत्र नक्सलवाद की छाया से पूरी तरह मुक्त होकर विकास की मुख्यधारा में और मजबूती से जुड़ेगा।
राहुल टिकरिहा के इस मध्यरात्रि दौरे को क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और बदले हुए हालात के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है। उनके साथ युवा मोर्चा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, जिन्होंने अबूझमाड़ के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण किया।





