जशपुर।जशपुर की राजनीति में तनाव बढ़ता जा रहा है और मामला अब सड़क से सीधे थाने तक पहुंच गया है। शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव के दौरान कांग्रेस और पुलिस प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति बन गई है।
जिला कांग्रेस महामंत्री नरेंद्र जैन पर आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज केस के विरोध में PCC चीफ दीपक बैज और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव रातभर विश्रामपुर थाने के बाहर धरने पर बैठे रहे।
थाना परिसर में देर रात तक कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। दोनों वरिष्ठ नेता भी जमीन पर बैठकर विरोध दर्ज कराते दिखे। कांग्रेस का आरोप है कि यह कार्रवाई सत्ता के दबाव में की गई है और चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश है।
पार्टी का कहना है कि आर्म्स एक्ट की धाराएं हटाई जाएं, कांग्रेस की शिकायत पर भी एफआईआर दर्ज हो और थाना प्रभारी को निलंबित किया जाए।
पुलिस प्रशासन ने कांग्रेस की कुछ मांगों पर सहमति जताई है, जबकि बाकी मांगों को लेकर बातचीत जारी है। सूत्रों के अनुसार दोपहर तक यह धरना खत्म हो सकता है।
वहीं अब यह मामला केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रहा। कांग्रेस ने 28 मई को प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों में थानों के बाहर धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान कर दिया है, जिससे राज्य की राजनीति और ज्यादा गर्माने के संकेत मिल रहे हैं।






