छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का प्रकोप! अगले 5 दिन लू का अलर्ट

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी अब लोगों पर भारी पड़ने लगी है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को माना एयरपोर्ट प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह सामान्य तापमान से करीब 3.7 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया।

रायपुर शहर में भी तेज गर्मी का असर देखने को मिला। यहां अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं दुर्ग में 44.2 डिग्री और बिलासपुर में 44.6 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। लगातार बढ़ती गर्मी से लोगों का दिन में बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।

रात में भी गर्मी से नहीं मिल रही राहत
सिर्फ दिन ही नहीं, रातें भी अब गर्म होने लगी हैं। रायपुर में न्यूनतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों को रात में भी उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले चार दिनों में तापमान 1 से 3 डिग्री तक और बढ़ सकता है।

अगले पांच दिन लू चलने की संभावना
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में अगले पांच दिनों तक लू चल सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आसमान साफ रहने और सूखी हवाएं चलने की वजह से गर्मी लगातार बढ़ रही है।

फिलहाल बारिश की उम्मीद नहीं
प्रदेश में अभी बारिश के कोई संकेत नहीं दिखाई दे रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका सक्रिय होने के बावजूद मौसम फिलहाल सूखा बना रहेगा।

लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
विशेषज्ञों ने लोगों से दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने, ज्यादा से ज्यादा पानी पीने और जरूरी काम होने पर ही घर से निकलने की अपील की है। वहीं प्रशासन ने भी स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment