रायपुर में ईंधन का बड़ा संकट: इंडस्ट्रियल डीजल की कीमतों में उछाल से रिटेल सप्लाई चरमराई

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में इन दिनों ईंधन की भारी किल्लत ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर के 15 से अधिक प्रमुख पेट्रोल पंपों पर स्टॉक खत्म की तख्तियां लटक गई हैं, जिसके पीछे का मुख्य कारण इंडस्ट्रियल (बल्क) डीजल और रिटेल डीजल की कीमतों में पैदा हुआ भारी अंतर है। दरअसल, 21 मार्च को तेल कंपनियों (IOCL) द्वारा इंडस्ट्रियल डीजल के दाम बढ़ाकर ₹109.59 प्रति लीटर कर दिए गए, जबकि आम जनता के लिए रिटेल पंपों पर यह ₹93 के आसपास मिल रहा है। कीमतों में ₹16 से ₹20 के इस भारी अंतर ने तथाकथित तेल अकाल की स्थिति पैदा कर दी है।

इस भारी बचत के लालच में बड़े उद्योगपति जो अमूमन सीधे डिपो से तेल खरीदते थे, अब रिटेल पेट्रोल पंपों का रुख कर रहे हैं। इस अनपेक्षित दबाव के कारण पंपों का मासिक कोटा महज कुछ ही दिनों में समाप्त हो रहा है, जिससे स्थानीय डीलरों के सामने संकट खड़ा हो गया है। स्थिति को संभालने के लिए पंप संचालकों ने ईंधन की राशनिंग शुरू कर दी है, जिसके तहत दोपहिया वाहनों को ₹400 और चार पहिया वाहनों को ₹1000 से अधिक का तेल नहीं दिया जा रहा है। भीषण गर्मी में घंटों लाइन में लगने के बाद भी जरूरत भर ईंधन न मिलने से आम नागरिक, कर्मचारी और छात्र बेहद परेशान हैं।

इस संकट का असर अब शहर की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ता दिख रहा है। रायपुर एक प्रमुख ट्रांसपोर्ट हब है, लेकिन डीजल की किल्लत और बढ़ी हुई कीमतों के कारण ट्रकों की आवाजाही पर ब्रेक लग गया है। लॉजिस्टिक्स और कंस्ट्रक्शन सेक्टर में काम धीमा होने से विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि यदि अगले 48 घंटों में सप्लाई चेन बहाल नहीं हुई, तो फल, सब्जी और राशन जैसी आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भारी उछाल आ सकता है। फिलहाल, प्रशासन केवल भीड़ नियंत्रण में जुटा है, जबकि जनता की निगाहें सरकार और पेट्रोलियम मंत्रालय के ठोस हस्तक्षेप पर टिकी हैं।

पंप पर नहीं मिलता है इंडस्ट्रियल डीजल

बता दें, रिटेल और इंडस्ट्रियल डीजल में फर्क मुख्य रूप से टैक्स, खरीदने के तरीके और उपयोग के पैटर्न में होता है. पेट्रोल पंप पर मिलने वाला डीजल रिटेल कैटेगरी में आता है, जिस पर केंद्र और राज्य सरकारों के टैक्स (जैसे एक्साइज और VAT) शामिल होते हैं. वहीं इंडस्ट्री या पॉवर सप्लायर ऑयल कंपनियों से थोक में डीजल खरीदते हैं. 

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment