नवा रायपुर के टूटा धरना स्थल पर CAF भर्ती 2018 के वेटिंग कैंडिडेट पिछले 135 दिनों से लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। अभ्यर्थियों की मांग है कि सरकार जल्द उनकी वेटिंग लिस्ट क्लियर कर नियुक्ति दे।
साल 2018 में CAF में 10,786 पदों पर भर्ती निकली थी। मुख्य सूची में चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति मिल चुकी है, लेकिन वेटिंग लिस्ट में शामिल करीब 417 अभ्यर्थी अब भी नौकरी मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
धरने पर बैठे अभ्यर्थियों का कहना है कि विभाग में अभी भी 3 हजार से ज्यादा पद खाली पड़े हैं, इसके बावजूद वेटिंग सूची को मंजूरी नहीं दी जा रही। इसी मांग को लेकर वे कई बार गृह मंत्री विजय शर्मा के निवास के बाहर भी प्रदर्शन कर चुके हैं।
आक्रोशित अभ्यर्थी “नियुक्ति दो या मृत्यु दो” जैसे नारे लगाकर सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। कुछ अभ्यर्थियों ने तो स्टाम्प पेपर और अपने खून से पत्र लिखकर शासन-प्रशासन से नौकरी देने की मांग की है।
लगातार धरना और तेज गर्मी की वजह से कई अभ्यर्थियों की तबीयत भी खराब हुई है। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और जल्द फैसला लेने की मांग कर रहे हैं।



