रायपुर के लाभांडी स्थित ब्रह्मदेव नगर में इस भीषण गर्मी के बीच पानी का संकट अब लोगों के गुस्से में बदलता जा रहा है। इलाके में रोजाना दो बार टैंकर से पानी सप्लाई तो की जा रही है, लेकिन जो पानी पहुंच रही है, उसने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी।
जब लोगों ने टैंकर का पानी बर्तनों में भरा, तो उसमें से तेज दुर्गंध और लाल रंग का गंदा पानी निकलने लगा। सोचिए, जहां पहले ही पानी की किल्लत हो, वहां ऐसा पानी मिले तो लोग जाएं तो जाएं कहां?
गुस्साए स्थानीय लोगों ने पार्षद रेणू जयंत साहू से शिकायत की। लोगों का साफ कहना है एक तो पानी की कमी, ऊपर से ये “गंदगी का तोहफा”। क्या यही है प्रशासन की गर्मियों से निपटने की तैयारी?
पार्षद भी मौके पर पहुंचीं और जोन आयुक्त से शिकायत की, लेकिन सवाल वहीं का वहीं है क्या सिर्फ शिकायत से साफ पानी आ जाएगा? बताया जा रहा है कि टैंकर की नियमित सफाई नहीं होने की वजह से यह हालात बने हैं।
अब सवाल ये उठता है कि जब जनता को बुनियादी जरूरत साफ पानी भी नहीं मिल पा रहा, तो जिम्मेदार लोग आखिर कर क्या रहे हैं? कागजों में योजनाएं और जमीन पर बदबूदार पानी यही है सिस्टम की सच्चाई।



