तस्करों का बोल्ड खेल: TI पर कार चढ़ाई, 400 किलो गांजा कचरे में फेंका

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में मंगलवार रात केशकाल से कांकेर तक लगभग 30 किलोमीटर के दौरान पुलिस और गांजा तस्करों के बीच लंबा पीछा हुआ। इस बीच तस्करों ने केशकाल थाना प्रभारी रितेश मिश्रा पर कार चढ़ा दी, जिससे उनके पैर के अंगूठे में गंभीर चोट आई। आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे।

जानकारी के अनुसार, ओडिशा से गांजा लेकर आ रही एक फॉर्च्यूनर कार और उसके साथ चल रही पायलट गाड़ी टाटा वैक्सीन को पुलिस ने रोकने की कोशिश की थी। इसी दौरान एक नेक्सॉन कार के चालक ने थाना प्रभारी रितेश मिश्रा पर गाड़ी चढ़ा दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तस्कर अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले।

पुलिस से बचने के लिए तस्करों ने सिंगारभाट में राइस मिल के पास गड़िया पहाड़ के नीचे कचरे के ढेर में गांजे से भरी बोरियां फेंक दीं। इसके बाद दोनों वाहन अलग-अलग रास्तों से फरार हो गए। घटना के बाद केशकाल पुलिस ने वापस लौट रही एक संदिग्ध गाड़ी को रोककर तलाशी ली, लेकिन जांच में कुछ नहीं मिलने पर उसे छोड़ दिया गया।

बुधवार दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों की सूचना पर कांकेर पुलिस ने कचरे के ढेर से लावारिस हालत में पड़ी बोरियां बरामद कीं। जांच में बोरियों से 400 किलो से अधिक गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य जारी होने के कारण ओडिशा से आने वाले तस्कर केशकाल-कांकेर के पुराने रास्तों को नए कॉरिडोर के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे ठीक एक दिन पहले भी केशकाल पुलिस ने 407 किलो गांजा जब्त किया था। लगातार हो रही बड़ी बरामदगी से इलाके में गांजा तस्करी के नेटवर्क को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहनों और आरोपियों से जुड़े सुराग मिले हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रवाना कर दी गई हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment