बीजापुर में मुर्गा लड़ाई की आड़ में जुआ: 156 गिरफ्तार

Madhya Bharat Desk
1 Min Read

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पुलिस ने मुर्गा लड़ाई के नाम पर चल रहे जुए का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में 156 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 47 कारें, 12 मोबाइल फोन और करीब 20 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई बीजापुर जिले के भद्राकाली थाना क्षेत्र के रायगुड़ा गांव के पास जंगल में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि वहां मुर्गा लड़ाई की आड़ में बड़े पैमाने पर सट्टा और जुआ खेला जा रहा है।

मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जुआ खेलते हुए लोगों को पकड़ा। बताया जा रहा है कि इस अवैध गतिविधि में तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। पुलिस ने सभी गिरफ्तार लोगों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है। अधिकारियों को आशंका है कि यह अवैध जुआ रैकेट संगठित तरीके से संचालित हो रहा था, जिसकी गहराई से जांच की जा रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment