सरकारी स्कूल में नशीली दवा का मामला, 8 छात्रों की बिगड़ी तबीयत, एक की हालत गंभीर

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री के गृह जिले दुर्ग से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। पंचशील नगर स्थित शासकीय चंद्रशेखर आजाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कथित तौर पर प्रतिबंधित दवा खाने से आठ स्कूली छात्रों की तबीयत बिगड़ गई। सभी बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चार छात्रों का इलाज जारी है, जबकि चार बच्चों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। एक छात्र नैतिक रामटेके की हालत गंभीर होने पर उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है।

जानकारी के अनुसार, स्कूल की 10वीं कक्षा के एक छात्र ने अपने सहपाठियों को दवा चॉकलेट बताकर खिला दी। दवा खाने के कुछ समय बाद बच्चों को चक्कर आने, बेहोशी और शरीर में अकड़न जैसी शिकायतें होने लगीं। घटना के बाद स्कूल परिसर और परिजनों में हड़कंप मच गया।

प्रभावित छात्रों में तनेश्वर यादव, हर्ष सिन्हा, भूपेंद्र साहू, विवेक कुम्भकार, नैतिक रामटेके, तुषार ढिमर, लकेश ढिमर और फनिश निषाद शामिल हैं। परिजनों ने बताया कि बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया।

फिलहाल चार छात्रों का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि अन्य चार को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। पुलिस और शिक्षा विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि स्कूल में प्रतिबंधित दवा कैसे पहुंची और छात्र के पास यह दवा कहां से आई। घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और नशीले पदार्थों की उपलब्धता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment